फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शिकोहाबाद थानाक्षेत्र अन्तर्गत खेतों के बीच बने मकान के बाहर सो रहे वृद्ध की अज्ञात लोगों ने सिर पर प्रहार करके हत्या कर दी। वृद्ध का शव सोमवार को चारपाई पर मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर जांच में जुट गई है।
क्षेत्राधिकारी सिरसागंज अनिवेश कुमार ने बताया कि गांव बढ़ईपुरा निवासी सुघर सिंह (80) रविवार की रात गांव नगला सुंदर स्थित खेतों पर चारपाई पर सो रहे थे, तभी उन पर किन्हीं लोगों ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी परिजनों को सोमवार को हुई तो वह हैरान रह गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर शिकोहाबाद और आसपास के दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। परिजनों के अनुसार, करीब 5 वर्ष पहले मृतक ने अपने बड़े बेटे के नाम दो बीघा जमीन कर दी थी, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस भी इस एंगल पर जांच कर रही है और बेटे पर शक जताया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि नगला सुन्दर में एक वृद्ध व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। प्रथम दृष्टया सिर में चोट लगने से मौत प्रतीत हो रही है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।—-









