लखीमपुर खीरी। भारत से दोपहिया वाहन चुराकर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार नेपाल में खपाने वाले गिरोह के खिलाफ खीरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। सम्पूर्णानगर थाना की पुलिस ने रविवार सुबह एक शातिर वाहन चोर को चोरी की मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि थानाध्यक्ष सम्पूर्णानगर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने सीमा पर सुंरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी है। रविवार सुबह 06:28 बजे गोविन्दनगर चौराहे से नेपाल जाने वाले रास्ते पर सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक से जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर जब कड़ाई से पूछताछ की तो वाहन के कागजात न मिलने पर बाइक के चोरी की होने की पुष्टि हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े जाने से बचने के लिए शातिर चोर ने मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्त की पहचान पीलीभीत जनपद निवासी सुखविन्दर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और 450 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पकड़ा गया अभियुक्त सुखविन्दर सिंह एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही सम्पूर्णानगर और पलिया थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसी गंभीर धाराओं में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है।-









