मीरजापुर में तीन घंटे में दो सड़क हादसे, दो युवकों की मौत, एक घायल

0
7

 

 

– अहरौरा क्षेत्र में अलग-अलग हादसों से मचा कोहराम

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तीन घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में चल रहा है।

पहला हादसा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अहरौरा थाने के सामने शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के सरोली मधुपुर निवासी रोशन कुमार विश्वकर्मा (22) अपने साथी सुंदरम के साथ बाइक से रिश्तेदारी में वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रोशन की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी सुंदरम गंभीर रूप से घायल हो गया।

Advertisement

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरा हादसा सुबह करीब नौ बजे अहरौरा-जमुई मार्ग पर सोनवर्षा गांव के पास हुआ। चुनार थाना क्षेत्र के नियामतपुर निवासी गोपाल सिंह (36) बाइक से किसी कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंचे इमलियाचट्टी चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मामलों में पुलिस फरार वाहनों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि अज्ञात वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here