उरई नगर पालिका परिषद के सभासद धरने पर बैठे, निविदाओं और भुगतान अभिलेखों को लेकर बढ़ा विवाद

0
9

 

उरई। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन की उरई नगर पालिका परिषद में भीषण गर्मी के बीच सभासदों का आक्रोश उस समय खुलकर सामने आया, जब 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में उन्होंने मंगलवार को नगर पालिका परिसर में धरना प्रदर्शन कर पालिका प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। सभासदों ने नगर पालिका में विभिन्न विकास कार्यों, निविदाओं और भुगतान संबंधी मामलों में पारदर्शिता न बरते जाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया संदिग्ध परिस्थितियों में पूरी की गई और संबंधित अभिलेख सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं।

उरई नगर पालिका के करीब एक दर्जन सभासदों पुष्पेंद, विपिन, नरेंद्र, आकाश आदि ने अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील को ज्ञापन सौंपते हुए 5 फरवरी 2026 और 16 फरवरी 2026 को जारी ई-निविदाओं में भाग लेने वाले ठेकेदारों एवं फर्मों की सूची, निविदा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज और भुगतान विवरण की छायाप्रति उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में संचालित अस्थाई रैन बसेरों, लहारियापुरवा एवं मेडिकल कॉलेज स्थित शेल्टर होम पर हुए खर्च और भुगतान का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई। इस धरने के दौरान आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की पुरानी निविदा रद्द कर नई प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, बोर्ड फंड से हुए सभी भुगतानों का विवरण उपलब्ध कराने तथा सफाई कर्मचारियों के पीएफ और अन्य बकाया भुगतान जारी करने की मांग प्रमुख रही। पुष्पेंद, विपिन, नरेंद्र, आकाश सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं राम अचल कुरील का कहना है टेंडर्स प्रक्रिया से जुड़ी पत्रावली जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी।

—————

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here