संदिग्ध हालात में पावर प्लांट कर्मी की मौत, पत्नी से विवाद के बाद फंदे पर लटका मिला शव

0
9

 

मीरजापुर,। मड़िहान तहसील क्षेत्र में शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में पावर प्लांट के एक कर्मचारी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

सोनभद्र जिले के रेणुकूट निवासी 32 वर्षीय ब्रम्हानंद मुखर्जी मड़िहान तहसील के पास किराए के मकान में परिवार के साथ रहते थे। वह ददरी स्थित पावर प्लांट में टेक्निकल कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम वह रोज की तरह ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे पर लौटे थे। देर शाम किसी बात को लेकर उनका पत्नी से विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों अपने-अपने काम में लग गए।

रात में जब पत्नी की नजर कमरे की ओर गई तो वह यह देखकर सन्न रह गई कि ब्रम्हानंद फंदे से लटके हुए हैं। यह दृश्य देखते ही वह चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के किराएदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत युवक को नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरएस वर्मा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पत्नी, साथियों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।

Advertisement

थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here