वाराणसी एयरपोर्ट पर विदेशी यात्री के बैग से बारहसिंगा हिरण की सींग बरामद, यात्री से गहन पूछताछ

0
7

 

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार दोपहर एक विदेशी यात्री के बैग से बारहसिंगा हिरण की सींग बरामद हुई। विदेशी यात्री ने अपने बैग में सींग को छिपा कर रखा था। सुरक्षा एजेंसियों के अफसर विदेशी यात्री को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ में जुट गए हैं। फूलपुर पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। यात्री से पूछताछ में वन विभाग के अफसर भी शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रूस का नागरिक नागरिक दमित्री ब्रेकिन वाराणसी में भ्रमण के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आई एक्स 215 से बैंकाक जाने के लिए दोपहर में बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा। एयरपोर्ट के एप्रन पर जाने के पूर्व यात्री की नियमित सुरक्षा जांच में सीआईएसएफ कर्मियों को संदेह हुआ। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने एक्स-रे स्कैनिंग से जांच की तो बैग में बारहसिंगा की सींग मिली। यह देख सुरक्षाकर्मियों ने अफसरों को मामले की जानकारी देने के साथ यात्री को रोक कर हिरासत में ले लिया।

सीआईएसएफ ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को भी दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद सींग को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में मामला वन्यजीव तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। भारत में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत बारहसिंगा हिरण जैसे संरक्षित वन्यजीवों के अंगों का परिवहन और व्यापार प्रतिबंधित है। वन विभाग के अफसरों के अनुसार विभाग मामले की गहन जांच कर रही है।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here