वाहन चोर गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार

0
6

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाना की पुलिस टीम ने रविवार को दो पहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशाें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और एक बजाज एवेंजर मोटर साइकिल के कटे हुए पुर्जे बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्ताें में प्रयागराज के मउआइमा थाना क्षेत्र के चक सुल्तान उर्फ नेवादा गांव निवासी दीपक कुमार, शिवकुटी थाना क्षेत्र के नया पुरा स्टैनली रोड निवासी सत्य प्रकाश पाल उर्फ सोनू, कीडगंज थाना क्षेत्र के धरकार बस्ती निवासी शेरू उर्फ तुलसीदास और मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के गऊघाट निवासी आशीष वंशकार शामिल है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि दीपक और सत्य प्रकाश शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर पहले रेकी करते थे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी की बाइक शेरू को बेच दी जाती थी, जो आगे आशीष को देकर उसे कटवाकर अलग-अलग पुर्जों में कबाड़ी को बेच देता था। इसी तरह यह गिरोह चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पैसा कमाता था। गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक कुमार और सत्य प्रकाश पाल के खिलाफ पहले से हत्या, लूट, चोरी व गैंग से जुड़े कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस गिरोह की गिरफ्तारी से कई मामलों का खुलासा हुआ है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here