होर्मुज जलडमरूमध्य काे बंद नहीं किया, सिर्फ हमलावरों के सहयोगियों को बनाया निशाना : ईरान

0
8

तेहरान। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच ईरान ने स्पष्ट किया है कि उसने रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद नहीं किया है, बल्कि केवल कुछ चुनिंदा जहाज़ों पर प्रतिबंध लगाए हैं। विदेश मंत्री अब्बास अराकची के इस बयान ने वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच स्थिति को लेकर नई स्पष्टता दी है।

ईरान की अर्ध-सरकारी संवाद समिति तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार जापान की क्योदो न्यूज़ एजेंसी को दिए इंटरव्यू में ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि जलडमरूमध्य खुला है और अन्य जहाज़ों को सुरक्षित मार्ग प्रदान किया जा रहा है।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जापान जैसे सहयोगी देशों के जहाज़ों के लिए ईरान सुरक्षा सुनिश्चित करने को तैयार है।

ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि तेहरान अस्थायी युद्धविराम के बजाय “पूर्ण, व्यापक और स्थायी युद्ध समाप्ति” चाहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समझौते में भविष्य में हमलों की रोकथाम और नुकसान की भरपाई की गारंटी शामिल होनी चाहिए। उन्होंने अमेरिका-इजराइल की सैन्य कार्रवाई को “अवैध और बिना उकसावे का आक्रामक कदम” बताया और कहा कि ईरान की जवाबी कार्रवाई आत्मरक्षा के तहत जारी रहेगी।

अराक़ची ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, खासकर जापान से अपील की कि वे इस संघर्ष पर अपना रुख स्पष्ट करें और तनाव कम करने के प्रयासों में सहयोग दें।

गौरतलब है कि 28 फरवरी से अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष से क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों ओर से लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के चलते वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर देखा जा रहा है।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here