लापता बेटी के विवाद के बीच महिला को मारी गोली, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

0
6

बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम इटर्रा बढोनी में मंगलवार देर शाम एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली महिला के पैर में लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम इटर्रा बरौनी निवासी 35 वर्षीय महिला मंगलवार शाम अपनी ससुराल जा रही थीं। आरोप है कि गांव के एक सुनसान स्थान पर चार लोगों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग कर दी। गोली उनके पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व महिला की बेटी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव निवासी राकेश यादव पर बेटी को भगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच महिला को गोली मारे जाने की घटना सामने आने से मामला और भी गंभीर हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद से राकेश यादव भी गायब बताया जा रहा है। वहीं पुलिस द्वारा राकेश को तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जाता है कि राकेश का भाई राजेश भी उसे खोजने निकला था, लेकिन उसका भी अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस दोनों भाइयों तथा लापता युवती की तलाश में जुटी हुई है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि 30 जून 2026 को कमासिन थाना क्षेत्र में एक महिला के पैर में गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया।

Advertisement

उन्होंने बताया कि महिला की स्थिति सामान्य है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि फायरिंग बहुत नजदीक से की गई है। घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल थाने में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर साक्ष्यों और जांच के आधार पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here