तीन हजार करोड़ के ट्रांजेक्शन केस में नया खुलासा, मां और भाई के खातों से हुआ 230 करोड़ का लेन-देन

0
6

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र से जुड़े तीन हजार करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन के मामले में गिरफ्तार महफूज आलम उर्फ पप्पू छुरी को जेल भेजे जाने के बाद उसके परिवार ने कई गंभीर दावे किए हैं। आरोपित के छोटे भाई मोहम्मद सोनू ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उनके और उनकी मां के बैंक खातों का इस्तेमाल कर करीब 230 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया।

सोनू के मुताबिक, उनके खाते से करीब 130 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ, जबकि उनकी 85 वर्षीय मां शम्मो खातून के खाते से 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर की गई। उन्होंने कहा कि परिवार को इस लेन-देन की कोई जानकारी नहीं थी।

सोनू ने बताया कि महफूज आलम पहले टेरियों में चमड़ा काटने के लिए छुरी सप्लाई करता था, जिसके चलते इलाके में लोग उसे ‘पप्पू छुरी’ कहने लगे। करीब बारह वर्ष पहले पारिवारिक विवाद के बाद उसने घर छोड़ दिया था और परिवार से दूरी बना ली थी।उन्होंने यह भी बताया कि करीब दो साल पहले उनकी मां के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। उनके पास इतना पैसा नहीं था कि बूढी मां का इलाज करवा सके। इसलिए बड़े भाई महफूज से इलाज करवाने के नाम पर सहायता मांगी थी लेकिन महफूज ने इलाज करवाने के नाम पर इनकार कर दिया था।

परिवार का आरोप है कि मां के दस्तावेजों और दिव्यांगता प्रमाण पत्र का इस्तेमाल कर खाते खुलवाए गए। उनको यह भी बताया गया कि सरकार द्वारा मिलने वाली योजना का लाभ उन्हें इन्ही बैंक खातों में मिलेगा। हालांकि महफूज ने खातों में मोबाइल नंबर बदलवा दिया। लेन-देन की जानकारी छिपाई जाती थी। मामले में कुछ बैंककर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

यह मामला फरवरी में चकेरी क्षेत्र में हुई लूट की घटना की जांच के दौरान सामने आया था। जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन का पता चला, जिसके बाद कई एजेंसियां जांच में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जो भी संलिप्त मिलेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here