चलती ट्रेन से 652 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, कोच अटेंडेंट गिरफ्तार

0
9
Oplus_16908288

 

किशनगंज। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के किशनगंज-कटिहार रेलखंड पर चलती ट्रेन से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद होने से हड़कंप मच गया।

संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ, सीआईबी टीम और डॉग स्क्वाड ने 652 बोतल एस्कुफ कफ सिरप जब्त किया है। मामले में ट्रेन के एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 29 हजार 96 रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सीआईबी/किशनगंज टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ ट्रेन संख्या 14620 त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस अप में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान ट्रेन के ए-1 कोच संख्या एनआर-191093/सी में तैनात कोच परिचारक के लॉकर बॉक्स की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वहां से सात बैग बरामद हुए। जब बैगों की जांच की गई तो उसमें 100-100 मिलीलीटर की कुल 652 बोतल एस्कुफ कफ सिरप मिली। प्रतिबंधित कफ सिरप की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं। मौके पर ही कोच परिचारक मेहर सिंह को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी पंजाब के फिरोजपुर जिले का रहने वाला बताया गया है। वह प्राइमरी क्लीनिंग सर्विस, लखनऊ के अधीन कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कफ सिरप की खेप को अवैध तरीके से दूसरे राज्य में पहुंचाया जा रहा था। हालांकि, पुलिस और आबकारी विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी और जब्त कफ सिरप को किशनगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी एवं जब्त सामग्री को आबकारी विभाग, किशनगंज के हवाले कर दिया गया। इस मामले में आबकारी थाना किशनगंज में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रतिबंधित कफ सिरप की इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here