भागलपुर। जिले के बरारी थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला ने अपने देवर और उनके चार साथियों पर घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना, उस समय हुई जब महिला अपने घर के बाहर खड़ी थी और उसके दोनों बच्चे घर के अंदर मोबाइल देख रहे थे। महिला का आरोप है कि देवर चार साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और बंद ताला तोड़कर जबरन अंदर घुस गया। ताला टूटने की आवाज सुनकर जब वह घर की ओर दौड़ी तो तब तक सभी आरोपी अंदर प्रवेश कर चुके थे।
महिला के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा अनवर ने उसका हाथ पकड़कर कमरे में ले जाने का प्रयास किया।
इस दौरान उसके कपड़े भी खींचे गए और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, जिसके बाद आरोपी भागने लगे। ग्रामीणों ने चार आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपियों को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले गई।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में सुमित मंडल से हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद पति अक्सर अपनी मां के कहने पर उससे झगड़ा करता था। लगभग पांच माह पूर्व पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर छोड़कर चले गए।
महिला मूल रूप से खगड़िया जिले की रहने वाली है। उधर उसके पिता राजू मंडल को घटना की सूचना मिलने पर वे भी मौके पर पहुंचे। वर्षा ने बताया कि उसके पति पिछले करीब तीन वर्षों से उसके साथ नहीं रह रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे और उसके बच्चों को अपनाने से इनकार कर दिया है।
महिला के अनुसार वह बीते 5 फरवरी से उक्त घर में रह रही है। उसने आरोप लगाया कि अनवर पूर्व में भी उसे धमकी दे चुका था और घटना वाले दिन जबरन घर में घुसकर उसके साथ गलत करने का प्रयास किया। महिला ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।










