आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत घूसखोरी मामले में गिरफ्तार

0
8

 

नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को बुधवार को गिरफ्तार किया है। गहलावत वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), दिल्ली में तैनात हैं।

सीबीआई ने बुधवार को बताया कि इस मामले में 8 जून को दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत ने निजी व्यक्तियों से रिश्वत की मांग की थी। उन्होंने दावा किया था कि वह अपने व्यक्तिगत प्रभाव का इस्तेमाल कर पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े उन मामलों में राहत दिला सकते हैं, जिनकी जांच सीबीआई कर रही है।

जांच के दौरान सीबीआई ने पहले दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह सहित छह अन्य निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि बरामद की गई थी। इसके अलावा करीब 90 लाख रुपये नकद तथा कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए थे।

सीबीआई के अनुसार, दीपक गहलावत से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान अनेक डिजिटल उपकरण, हार्ड डिस्क, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

Advertisement

एजेंसी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और रिश्वतखोरी तथा प्रभाव के दुरुपयोग से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत हरियाणा कैडर के 2012 बैच के अधिकारी हैं। इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए प्रदीप सिंह दिल्ली पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here