बलिया । मुकदमे में चार्जशीट लगाने के लिए महिला से आपत्तिजनक बातचीत करने का ऑडियो वायरल होने पर बलिया के उभांव थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर क्राइम नरेश मालिक और वर्तमान थाना निरीक्षक संजय शुक्ला निलंबित कर दिए गए हैं। पीड़िता ने इसकी शिकायत डीआईजी आजमगढ़ से की थी।
उभांव थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शादी का प्रलोभन देकर आठ माह तक साथ रखने और कोर्ट में शादी से इनकार करने पर एक वन दरोगा पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस की जांच चल रही थी। महिला का आरोप है कि इसी मामले में चार्जशीट लगाने के लिए उभांव में नियुक्त तत्कालीन निरीक्षक अपराध नरेश कुमार मलिक द्वारा महिला को जिला मुख्यालय पर बुलाने का दबाव बनाया जा रहा था। दो दिनों से इसका ऑडियो वायरल हो रहा था। जिसमें कथित रुप से महिला के आरोपपत्र को जमा करने के लिए आपत्तिजनक बात की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए आरोपित निरीक्षक नरेश मलिक को सोमवार काे ही निलम्बित किया जा चुका था। इसके पहले मार्च में उभाँव में क्राइम इंस्पेक्टर रहे नरेश मलिक को कर्तव्य में लापरवाही पर एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया था। वहीं, इस प्रकरण में प्रभारी निरीक्षक उभांव संजय शुक्ला की भी संलिप्तता पाये जाने के आरोप में बुधवार को उन्हें भी निलम्बित कर दिया गया।
एसपी ओमवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी द्वारा की जा रही है। पीड़िता जिले से कहीं बाहर गयी है, जिससे सम्पर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही पीड़िता से सम्पर्क कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना उभांव पर निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
ये है इसके पहले की खबर
बलिया में चार्ज सीट के बदले महिला से मुलाकात की मांग, ऑडियो हो रहा वायरल









