नीट पेपर लीक : पीवी कुलकर्णी को दो दिन सीबीआई हिरासत और मनीषा वाघमारे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

0
6

 

 

नई दिल्ली। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार पीवी कुलकर्णी को दो दिनों की सीबीआई हिरासत और मनीषा वाघमारे को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आज दोनों आरोपितों की सीबीआई हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।

पेशी के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कोर्ट से कहा कि अब तक के जो साक्ष्य मिले हैं, उनकी जांच के बाद पीवी कुलकर्णी से पूछताछ की जरुरत है। सीबीआई की हिरासत बढ़ाने की मांग का पीवी कुलकर्णी के वकील ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने कुलकर्णी के पुणे स्थित आवास से डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किया है। सीबीआई आगे किस तरह की जांच करनी है, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है। उसके बाद कोर्ट ने पीवी कुलकर्णी को दो दिनों की सीबीआई हिरासत और मनीषा वाघमारे को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। दोनों आरोपितों को कोर्ट ने 16 मई को आज तक की सीबीआई हिरासत में भेजा था। पीवी कुलकर्णी केमिस्ट्री का टीचर है।

आज ही कोर्ट ने इस मामले की आरोपित मनीषा संजय हवलदार को छह दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा है। सीबीआई के मुताबिक मनीषा संजय हवलदार एनटीए के पैनल में शामिल एक फिजिक्स ट्रांसलेटर है। वो फिजिक्स का पेपर तैयार करने और लीक हुए पेपर को प्रसारित करने में शामिल थी। अब तक इस मामले में सीबीआई ने दस लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके पहले कोर्ट ने 15 मई को धनंजय लोखंडे को 6 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा था।

Advertisement

आरोप है कि मनीषा वाघमारे ने धनंजय लोखंडे को नीट के प्रश्न पत्र दिए। बाद में धनंजय लोखंडे ने शुभम खैरवार को प्रश्नपत्र दिए। कोर्ट ने 14 मई को पांच आरोपितों को सात दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा था। 14 मई को कोर्ट ने जिन पांच आरोपितों को सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया था, उनमें नासिक के शुभम, जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम से यश यादव शामिल हैं। शुभम को 13 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था, जहां से उसे दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया था। शुभम महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here