नई दिल्ली। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार आई-पैक के निदेशक विनेश चंदेल को 10 दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। आज सुबह एडिशनल सेशंस जज शेफाली बरनाला टंडन ने विनेश चंदेल को ईडी हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
ईडी ने विनेश चंदेल को 13 अप्रैल की देररात कोर्ट में पेश किया। आज सुबह तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने विनेश चंदेल को ईडी की दस दिन की हिरासत में भेजने का आदेश दिया। ईडी के मुताबिक पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में विनेश चंदेल की 33 फीसदी हिस्सेदारी है। इस कंपनी की मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत जांच चल रही है। इस मामले में सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
यह मामला तब शुरू हुआ था जब ईडी ने आई-पैक के निदेशक प्रतीक जैन के कोलकाता आवास पर छापा मारा था। आई-पैक तृणमूल कांग्रेस के प्रचार का काम देखती है। ईडी ने यह छापा कथित कोयला घोटाला मामले की जांच के लिए मारा था। ईडी का कहना है कि उसकी जांच कार्रवाई में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बाधा डालने के मकसद से छापे के दौरान आई-पैक के दफ्तर पहुंची थीं और कुछ दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य अपने साथ ले गईं। बाद में ममता बनर्जी ने इन आरोपों को खारिज किया।









