हलधरपुर थाना क्षेत्र में वारदात के बाद पुलिस की नाकेबंदी, आरोपियों की तलाश मे दबिश का दौर
मऊ। थाना हलधरपुर के ढोलमन गांव में शुक्रवार की देर रात एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामजनम राजभर (60) निवासी ग्राम ढोलमन, ब्लॉक रतनपुरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किये जाने का दवा कर रही हैँ ।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रामजनम राजभर रात में गेहूं का आटा पिसवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से लगभग 300 से 400 मीटर पहले रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के गांव के सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रवेश राजभर ने बताया कि रामजनम राजभर गांव में एक सामाजिक व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे और चट्टी-चौराहों पर लोगों के बीच सक्रिय रहते थे। उन्होंने आशंका जताई कि गांव में पहले से चल रहे नाली विवाद को लेकर यह घटना अंजाम दी गई हो सकती है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।









