मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक जिले की अदालत ने बुधवार को ढोंगी बाबा अशोक खरात को दुष्कर्म के दूसरे मामले में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हालांकि पुलिस ने आज नासिक जिला अदालत में आरोपित खरात को गुरुवार को फिर से पेश करने के लिए आवेदन दिया है, जिसे अदालत ने मान्य कर लिया है।
सरकारी वकील शैलेंद्र बागड़े ने बताया कि आज आरोपित खरात की दुष्कर्म के दूसरे मामले में पुलिस कस्टडी खत्म हो रही थी। इसी वजह से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आरोपित को आज जिला अदालत में पेश किया गया। इस मामले के जांच अधिकारी किरण कुमार सूर्यवंशी पेश हुए थे।
आज एसआईटी की टीम आरोपित अशोक खरात को नासिक सेंट्रल जेल में भेजेगी और कल फिर वहीं से आरोपित को वीसी के माध्यम से तीसरे मामले में न्यायालय में पेश किया जाएगा।
खरात को 17 मार्च को गिरफ्तार किया गया था, जब नासिक जिले के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में एक महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म के ८ मामले और धोखाधड़ी के ३ मामले नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए। इन मामलों की जांच आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सातपुते की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है।









