नोएडा में मालकिन ने घरेलू सहायिका को मारा थप्पड़, दर्जनों सहायिकाओं ने किया प्रदर्शन

0
8

 

नोएडा। नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र मे स्थित पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसायटी के बाहर शुक्रवार को बड़ी संख्या में घरेलू सहायिकाएं एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने लगीं। आरोप है कि पूर्वांचल सोसायटी में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका के साथ मारपीट की गई। जिसके विरोध में अन्य घरेलू सहायिकाएं मौके पर पहुंच गईं। घटना को लेकर क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि एक फ्लैट में कार्यरत घरेलू सहायिका के साथ मारपीट की गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की भी चर्चा की गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सोसायटी में एक फ्लैट मालिकन द्वारा अपनी घरेलू सहायिका को थप्पड़ मार दिए जाने की घटना सामने आई थी। इसके विरोध में कुछ घरेलू सहायिकाएं एकत्रित होकर विरोध व्यक्त करने लगीं थी। सभी पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। पीड़ित घरेलू सहायिका का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। उसकी ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here