संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में चार आरोपिताें की न्यायिक हिरासत बढ़ी

0
5

 

नई दिल्ली। पटियाला हाउस कोर्ट ने संसद सुरक्षा उल्लंघन के चार आरोपितों की न्यायिक हिरासत 4 मई तक बढ़ा दी है। एडिशनल सेशंस जज अमित बंसल ने मामले की अगली सुनवाई 4 मई को करने का आदेश दिया।

कोर्ट ने बुधवार काे आरोपित अमोल धनराज के वकील बलराज सिंह मलिक की आरोपों पर दलीलें सुनी। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से दलीलें रखने के लिए समय देने की मांग की गई क्योंकि दिल्ली पुलिस की ओर से दलीलें रखने के लिए स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर अखंड प्रताप सिंह उपलब्ध नहीं थे। उसके बाद कोर्ट ने 4 मई को अगली सुनवाई करने का आदेश दिया। कोर्ट ने चार आरोपितों की न्यायिक हिरासत 4 मई तक बढ़ाने का आदेश दिया।

सुनवाई के दौरान इस मामले के सभी आरोपित कोर्ट में पेश हुए। इस मामले में 13 मार्च को दिल्ली उच्च न्यायालय ने संसद सुरक्षा चूक की आरोपित नीलम आजाद की जमानत की शर्तों में बदलाव करते हुए उसे अपने गृह जिले हरियाणा के जींद में रहने की इजाजत दे दी थी। उच्च न्यायालय ने जमानत की शर्तों में बदलाव करते हुए हर महीने की 15 तारीख को संबंधित जांच अधिकारी को रिपोर्ट करने का आदेश दिया था।

इस मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय ने 2 जुलाई 2025 को इस मामले के दो आरोपितों नीलम आजाद और महेश कुमावत को जमानत दी थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 15 जुलाई 2024 को पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा मामले में 186, 353, 153, 452, 201, 34, 120बी और यूएपीए की धारा 13, 16, 18 के तहत चार्जशीट दाखिल की थी। दिल्ली पुलिस ने जिन आरोपितों के खिलाफ यूएपीए की धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है उनमें मनोरंजन डी, ललित झा, अमोल शिंदे, महेश कुमावत, सागर शर्मा और नीलम आजाद शामिल हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल पहली चार्जशीट करीब एक हजार पन्नों की है।

Advertisement

घटना 13 दिसंबर, 2023 की है जब संसद की विजिटर गैलरी से दो आरोपित सभाकक्ष में कूदे। कुछ ही देर में एक आरोपित ने डेस्क पर चलते हुए अपने जूतों से कुछ निकाला और अचानक पीले रंग का धुआं निकलने लगा। इस घटना के बाद सदन में अफरातफरी मच गई। हंगामे और धुएं के बीच कुछ सांसदों ने इन युवकों को पकड़ लिया और इनकी पिटाई भी की। कुछ देर के बाद संसद के सुरक्षाकर्मियों ने दोनों युवकों को काबू किया। संसद के बाहर भी दो लोग पकड़े गए जो नारेबाजी कर रहे थे और पीले रंग का धुआं छोड़ रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here