सीएमओ ने बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे अस्पताल काे किया सील, संचालक को नोटिस जारी

0
12

 

फर्रुखाबाद। शहर में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार काे मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अवनींद्र कुमार ने निरीक्षण के दौरान बिना पंजीकरण संचालित एक निजी अस्पताल को सील कर दिया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ द्वारा शहर में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान नेकपुर ओवरब्रिज के पास स्थित ‘न्यू जीवन हॉस्पिटल’ की जांच की गई, जहां कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में सामने आया कि अस्पताल का कोई पंजीकरण नहीं था और न ही वहां इलाज के लिए कोई डॉक्टर मौजूद था।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तीन मरीज भर्ती मिले। सीएमओ ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर मरीजों को लोहिया अस्पताल भेजने के निर्देश दिए। हालांकि, मरीजों ने घर जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में अवैध अस्पतालों का जाल फैला हुआ है। करीब 20 से अधिक पंजीकृत अस्पताल ऐसे हैं, जिनका एक वर्ष से नवीनीकरण नहीं हुआ है, फिर भी वे संचालित हो रहे हैं। ऐसे अस्पतालों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Advertisement

इस अभियान के दौरान डिप्टी सीएमओ आरसी माथुर, डीपीएम रणविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सीएमओ ने एक अन्य अस्पताल का भी निरीक्षण किया, जो पंजीकृत पाया गया।

सीएमओ अवनींद्र कुमार ने बताया कि बिना पंजीकरण अस्पताल संचालन के कारण ‘न्यू जीवन हॉस्पिटल’ को सील कर दिया गया है और संचालक को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अवैध रूप से अस्पताल संचालित करने के आरोप में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमानक और अवैध अस्पतालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here