मऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जनपद मऊ में गुरुवार देर शाम आदर्श नगर पंचायत मधुबन के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि मधुबन को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने इस अवसर को स्थानीय प्रशासन और जनता के लिए एक नई शुरुआत बताते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने का आह्वान किया।
मंत्री शर्मा ने बताया कि करीब 65 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन का निर्माण कम खर्च में उच्च गुणवत्ता के साथ किया गया है । उन्होंने अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए निर्देश दिया कि वे इसी प्रकार जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने घोषणा की कि मधुबन क्षेत्र की सभी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा और सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा। साथ ही अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर विकसित कर क्षेत्र के समग्र ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
अपने संबोधन में मंत्री ने कृषि आधारित उद्योगों को मधुबन के विकास की कुंजी बताते हुए किसान बाजार, कृषि मंडी, कोल्ड स्टोरेज और मिनी कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके अलावा, वर्षों से बंद पड़ी परदहा मिल की जमीन पर औद्योगिक पार्क विकसित करने की योजना भी साझा की, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि कृषि और उद्योग के समन्वय से मधुबन आने वाले समय में विकास की नई पहचान बनेगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर चेयरमैन आरती मल्ल और प्रतिनिधि प्रशांत मल्ल उर्फ गणेश मल्ल ने सभी अतिथियों व उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।








