पारिवारिक विवाद में युवक ने लगाई फांसी, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया

0
14

 

मीरजापुर,। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में राजगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में रविवार देर रात एक युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सेमरी निवासी 36 वर्षीय कमलेश शर्मा पेशे से नाई थे और गांव में बाल काटकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार रात परिवार के सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। इसी दौरान कमलेश घर के बाहर बने मड़हे में गए और बड़ेर में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।

काफी देर तक नजर न आने पर परिजन उन्हें खोजते हुए बाहर पहुंचे, जहां मड़हे में उनका शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते युवक ने यह कदम उठाया। मृतक के पीछे 10 और 8 वर्ष के दो मासूम बेटे हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Advertisement

थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here