मेरठ में एक लाख का इनामी जुबैर मारा गया,अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के शिक्षक हत्याकांड में था फरार

0
10

 

मेरठ। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने मेरठ जिले के लोहियानगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबैर को मुठभेड़ में मार गिराया। वह अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के शिक्षक की हत्या में फरार चल रहा था।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक विमल कुमार सिंह ने बुधवार काे बताया कि एसटीएफ की बुधवार तड़के मेरठ के लोहियानगर थानाक्षेत्र के अलीपुर में बदमाश जुबैर के साथ मुठभेड़ हो गई। जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य और हत्या, लूट व डकैती सहित 24 से अधिक संगीन अपराध दर्ज थे। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था।

एसटीएफ की टीम को जुबैर की लोकेशन बुधवार तड़के अलीपुर थाना लोहिया नगर क्षेत्र में मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस टीम के साथ बदमाश जुबैर को घेर लिया गया। जुबैर ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुबैर काे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक बाइक, 32 बोर की दो पिस्टल, भारी मात्रा में खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एएसपी ने बताया कि जुबैर पर 24 दिसंबर 2025 को थाना सिविल लाइन, अलीगढ़ क्षेत्र में एएमयू शिक्षक राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। उसकी तलाश की जा रही थी। इसके अलावा जुबैर के खिलाफ अलीगढ़ और दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कई मामले दर्ज हैं।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here