गोरखपुर क्लब संचालक के बेटे अम्बरीश श्रीवास्तव ने फार्महाउस में खुद को मारी गोली, माैके पर ही माैत

0
5

 

गोरखपुर। शहर के चर्चित कारोबारी और गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अम्बरीश श्रीवास्तव (40) ने शुक्रवार को कुसमी स्थित अपने फार्महाउस में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली मुंह में लगी और सिर से निकल गई, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई और कारोबारी व सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्बरीश शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे सिविल लाइंस स्थित अपने आवास से निकले और करीब 7 बजे फार्म हाउस पहुंचे। वहां कुछ देर टहलने के बाद करीब 8:30 बजे वह तीन मंजिला फार्म हाउस की ऊपरी मंजिल पर चले गए। बताया जा रहा है कि उस समय वह मोबाइल फाेन पर किसी से बातचीत कर रहे थे।

करीब 8:30 से 9 बजे के बीच गोली चलने की आवाज सुनकर फार्महाउस के कर्मचारी ऊपर पहुंचे तो देखा कि अम्बरीश खून से लथपथ पड़े थे और उनके मुंह से खून निकल रहा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ कैंट अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अम्बरीश ने .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी। हालांकि पुलिस अभी हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें अम्बरीश अकेले आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। फार्महाउस तक आने-जाने का एक ही रास्ता बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, अम्बरीश पिछले करीब 15 दिनों से मानसिक तनाव में चल रहे थे। घटना से पहले उन्होंने अपनी पत्नी और एक परिचित से फोन पर बातचीत भी की थी।

Advertisement

अम्बरीश ने वर्ष 2012 में दीपाली श्रीवास्तव से विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग 10 और 8 वर्ष है। वह एके टेंट हाउस नाम से व्यवसाय चलाते थे और ठेकेदारी का कार्य भी करते थे। शहर के बड़े आयोजनों और वीआईपी कार्यक्रमों में उनके टेंट हाउस की प्रमुख भूमिका रहती थी। हाल ही में उन्हें श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा का महामंत्री भी चुना गया था। घटना के बाद पुलिस ने फार्महाउस को सील कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी निमिष पाटिल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here