किराये पर मकान देने के बहाने महिला से दुष्कर्म का प्रयास, सिपाही ने पति से भी की मारपीट

0
8

उरई। उत्तर प्रदेश के जालाैन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में एक पुलिस कर्मी के खिलाफ किराये पर मकान दिलाने के बहाने महिला को घर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर महिला के पति के साथ भी मारपीट की । पीड़ित दंपती ने कोतवाली पहुंचकर आरोपित सिपाही के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मामला झांसी जिले के टहरौली थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला से जुड़ा है। पीड़िता ने शुक्रवार को शहर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मार्च को वह अपने पति के साथ झांसी के गरौठा स्थित न्यायालय में पेशी पर गई थी। वहां उनकी मुलाकात पति के पूर्व परिचित सिपाही देवेंद्र यादव से हुई, जो वर्तमान में करबई थाने (जालौन) में तैनात बताया जा रहा है।

पीड़िता के अनुसार, न्यायालय परिसर में ही उसके पति ने सिपाही देवेंद्र से उरई में किराये का मकान दिलाने की बात कही। इस पर आरोपी सिपाही ने झांसा दिया कि उसका खुद का एक मकान उरई में खाली पड़ा है। उसने कहा कि अगर वे लोग उसमें रहने लगेंगे तो मकान की सफाई और देखरेख भी हो जाएगी। विश्वास में लेकर आरोपित सिपाही उन दोनों को अपनी कार से उरई ले आया। आरोप है कि सिपाही उन्हें उरई के चुर्खी रोड स्थित बघौरा इलाके में अपने मकान पर ले गया। इस दौरान पीड़िता का पति बाहर कमरे में बैठा हुआ था, जबकि महिला अंदर कमरे की सफाई कर रही थी। महिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान सिपाही देवेंद्र अंदर कमरे में आ घुसा और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।

महिला के शोर मचाने पर उसका पति तुरंत अंदर की ओर दौड़ा। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपित सिपाही ने उसके और उसके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस झड़प में महिला को चोटें भी आई हैं। किसी तरह जान बचाकर दंपती वहां से भाग निकला और उरई कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित सिपाही देवेंद्र यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमें आरोपित की तलाश में दबिश दे रही हैं। सीओ राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here