सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र स्थित धर्मपुर गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव घर की कोठरी में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान धर्मपुर निवासी लक्ष्मीकांत मिश्रा (40) के रूप हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिवार से पता चला है कि लक्ष्मीकांत मिश्रा दिल्ली में बस ड्राइवर की नौकरी करता था। 10 दिन पहले ही गांव आया था। उसकी पत्नी प्रीति मिश्रा और बच्चे दिल्ली में ही रहते हैं। मृतक के एक बेटा अंश (15) और एक बेटी लाजो (12) हैं। उसकी पत्नी भी दिल्ली में नौकरी करती हैं।
मृतक के पिता जगदीश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम लक्ष्मीकांत घर आया था और सामान्य बातचीत कर रहा था। रात 11 बजे के बाद सभी लोग सो गए। इसके बाद लक्ष्मीकांत घर की कोठरी वाले कच्चे मकान में चला गया। सोमवार सुबह जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह कोठरी में फंदे से लटका मिला।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।———————–









