महिला अधिवक्ताओं ने लगाया अभद्रता और मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में बुधवार सुबह डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद हंगामा और मारपीट हो गई। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में आयोजित होने वाले महिला अधिवक्ताओं के टूर्नामेंट की प्रैक्टिस को जा रही झूंसी निवासी महिला अधिवक्ता जागृति शुक्ला सड़क हादसे में घायल हो गई थीं। साथी अधिवक्ता और छात्राएं उन्हें उपचार के लिए स्वरूपरानी अस्पताल लेकर पहुंचीं।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विशाल पांडे ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे और उपचार में देरी हो रही थी। डॉक्टर को बुलाने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि डॉक्टरों और कर्मचारियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
महिला अधिवक्ताओं का आरोप है कि उनके साथ अभद्रता की गई, बाल पकड़कर घसीटा गया और मारपीट की गई। घायल युवती के भाई अभिषेक शुक्ला ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उनका मोबाइल छीनकर दीवार पर पटक दिया और उनके साथ भी हाथापाई की गई। उन्होंने कहा कि काफी देर तक इलाज नहीं मिलने के कारण घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








