1.210 किलो ग्राम चरस मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ा एक और आरोपी

0
6

 

धर्मशाला। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने बीते माह पकड़ी गई एक किलो 210 ग्राम चरस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को चंबा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शुक्रदीन पुत्र बघू, निवासी गांव तलेशा, डाकघर जडेरा, तहसील एवं जिला चंबा, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।

गौरतलब है कि पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस थाना रेहन में बीते 13 अप्रैल 2026 को उक्त मामले में पहले पुलिस द्वारा दो आरोपियों रोबिन और यूसुफ निवासी जिला चंबा को 1 किलो 210 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सूचना एवं विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल के आधार पर बैकवर्ड लिंकेज स्थापित करते हुए उक्त आरोपी को दबोचने में सफलता प्राप्त की।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here