चार स्कूलों पर कसा शिकंजा, बाकी पर खामोशी, कार्रवाई पर उठे सवाल

0
3

मीरजापुर। राजगढ़ विकास खंड में बिना मान्यता चल रहे चार स्कूलों पर शनिवार को शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई, लेकिन अन्य निजी स्कूलों पर उसकी चुप्पी ने नई बहस छेड़ दी है। खंड शिक्षाधिकारी संजय कुमार की कार्रवाई के बाद जहां अवैध स्कूलों में हड़कंप मच गया, वहीं उनकी कार्यशैली पर सवाल भी उठने लगे हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों की जांच का आदेश दिया था। इसी क्रम में खंड शिक्षाधिकारी ने श्रीमती सुधना देवी कन्या जूनियर हाई स्कूल (राजगढ़), ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल (बसंतपुर), पीएनएसएसडी पब्लिक स्कूल (जंगल महाल) और एक अनाम विद्यालय (धुरकर) को नोटिस जारी किया। नोटिस में चेतावनी दी गई कि बिना मान्यता संचालन जारी रखने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा, जो आरटीई एक्ट 2009 का उल्लंघन है।

कार्रवाई की सूचना संबंधित एसडीएम और थाना प्रभारियों को भी भेजी गई है। इससे क्षेत्र के अवैध स्कूल संचालकों में खलबली मच गई है।

हालांकि, स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि क्षेत्र में कई निजी इंग्लिश मीडियम स्कूल आज भी एनसीईआरटी के बजाय महंगी निजी प्रकाशकों की किताबें बेच रहे हैं और यूनिफॉर्म के नाम पर मनमानी कर रहे हैं। आरोप है कि इन स्कूलों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे विभाग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here