वाराणसी : महिलाओं के विवाद में युवक की सिर पर ईंट मारकर हत्या

0
2

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला सक्काघाट पर बीती शाम रविवार काे महिलाओं के बीच हुए विवाद में एक पक्ष ने नीरज केवट (18) के सिर पर ईंट से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर थाना पुलिस पहुंची गई। पुलिस ने सोमवार को शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए नामजद आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, सक्काघाट पर महिलाए गंगा घाट किनारे दीया, पूजा-पाठ की सामग्री एवं फूल-माला बेचती हैं। दुकानदारी और ग्राहकों को लेकर उनके बीच अक्सर नोकझोक के साथ विवाद हो जाता है। रविवार देर शाम भी इसी बात को लेकर महिलाओं में कहासुनी हुई थी। आरोप है कि नाव चलाने वाले नीरज केवट की बहन को दूसरे पक्ष की महिलाओं ने पीट दिया। इसी बात से नाराज नीरज का महिलाओं और उनके परिजनों से झड़प हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने इस दाैरान ईंट से नीरज के सिर पर पीछे से वार कर दिया। सिर पर चोट लगते ही नीरज अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा और माैके से हमलावर भाग निकले। इस घटना की मृतक के परिजनों ने पुलिस काे सूचना दी। माैके पर आदमपुर थाने की तेलियाना चाैकी पुलिस पहुंची और घायल युवक नीरज को कबीरचौरा स्थित मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन परिजन कबीरचौरा अस्पताल में ही बेटा का इलाज करने पर अड़ गए और अस्पताल की खिड़कियों के शीशे और कुर्सियां तोड़ दीं।

इस सूचना पर कबीरचौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक डॉक्टरों ने युवक नीरज को मृत घोषित कर दिया। मृतक की बहन निशा और भाई धीरज केवट ने आरोप लगाया कि महिलाओं के बीच विवाद के दौरान पड़ोसी रविंद्र केवट और उसके साथियों ने धोखे से भाई नीरज के सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।

एसीपी कोतवाली सर्किल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर रविंद्र केवट, किशन, कल्लू सहित आठ आरोपितों और कई अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हमलावर पक्ष की दो महिलाओं को भी हिरासत में लिया है। घटना में अग्रिम कार्रवाई की जा रही हैं। —

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here