कॉन्स्टेबल की हत्या का खुलासा: वन्यजीव शिकारियों ने मारी थी गोली

0
4

 

टौंक। जिले के उनियारा क्षेत्र में कॉन्स्टेबल भागचंद सैनी की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कॉन्स्टेबल की हत्या बजरी माफिया ने नहीं, बल्कि वन्यजीवों के शिकार की फिराक में जंगल में छिपे दो शिकारियों ने की थी। दोनों आरोपियों को वारदात के करीब 12 घंटे बाद जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव ने बताया कि बनेठा थाना क्षेत्र की ककोड़ चौकी पर तैनात कॉन्स्टेबल भागचंद सैनी शनिवार रात गश्त पर निकले थे। रविवार सुबह उनका शव रूपवास मोड़ के पास झाड़ियों में मिला था। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी पड़ी मिली।

प्रारंभिक तौर पर परिजनों ने हत्या के पीछे बजरी माफिया का हाथ होने की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस जांच में मामला अलग निकला। जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को बारूद की गंध महसूस हुई, जिससे शक गहराया। इसके बाद रूपवास जंगल में छिपे राजेश उर्फ बजरंग मीणा और दिलराज मीणा को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोर, खरगोश और तीतर जैसे वन्यजीवों के शिकार के लिए झाड़ियों में छिपे हुए थे। गश्त के दौरान कॉन्स्टेबल भागचंद ने जब उन्हें रोककर पूछताछ की तो दोनों ने विवाद शुरू कर दिया और टोपीदार बंदूक से गोली मार दी।

Advertisement

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बंदूक, बाइक, छर्रे, बारूद और एक धारदार छुरा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई अन्य साथी शामिल था या नहीं। 26 वर्षीय भागचंद सैनी की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी, 21 महीने का बेटा, माता-पिता, भाई-बहन हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here