औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए दाे सड़क हादसों में एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
सदर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे शताब्दी होटल के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही इंडियन ऑयल चौकी इंचार्ज गणेश गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक की पहचान कौशल दुबे के रूप में की, जो लखनऊ के आलमबाग स्थित नहरिया सिंगार नगर के निवासी थे। वह पेशे से शिक्षक थे और वर्तमान में तिलक नगर मोहल्ले में परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। परिवार में पत्नी कामिनी दुबे और दो छोटे बच्चे हैं।
इसी तरह दिबियापुर थाना क्षेत्र के हरतौली गांव के पास सोमवार बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बरू गांव निवासी विकास कुमार (25) की मौत हो गई। वह अपने घर से ससुराल बैसुंधरा जाने के लिए निकला था, तभी देर रात हरतौली गांव के पास यह हादसा हो गया। विकास गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता था और घटना से एक दिन पहले ही घर लौटा था। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजकर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।———-









