लाल किला ब्लास्टः एनआईए ने दाखिल की चार्जशीट, 10 को बनाया आरोपित

0
9

 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में गुरुवार को लाल किला ब्लास्ट मामले में चार्जशीट दाखिल की है। एनआईए ने इस मामले में 10 लोगों को आरोपित बनाया है।

एनआईए के मुताबिक ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत हुई थी। करीब 7500 पेजों की चार्जशीट में एनआईए ने बम ब्लास्ट करने वाले उमर उन नबी (मृतक) को भी आरोपित बनाया है। एनआईए ने चार्जशीट दाखिल करते समय कहा कि वो इसके आगे पूरक चार्जशीट दाखिल कर सकती है। आज ही एनआईए ने इस मामले से जुड़े आरोपितों को कोर्ट में पेश किया। आज आरोपितों की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

एनआईए के मुताबिक 10 नवंबर को लाल किला के पास हुए कार विस्फोट की योजना उमर उन नबी ने बनाई थी। उमर उन नबी की मौके पर ही मौत हो गई थी। एनआईए ने आरोपित दानिश को श्रीनगर से गिरफ्तार किया था। एनआईए के मुताबिक दानिश ने ड्रोन में तकनीकी बदलाव किए थे और कार विस्फोट से पहले रॉकेट तैयार करने की कोशिश की। एनआईए के मुताबिक दानिश ने उमर उन नबी के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई।

एनआईए के मुताबिक राजनीति विज्ञान में स्नातक दानिश को आत्मघाती हमलावर बनाने के लिए उमर ने ब्रेनवॉश किया। वह अक्टूबर 2024 में कुलगाम की एक मस्जिद में डॉक्टर मॉड्यूल से मिलने को तैयार हुआ, जहां से उसे हरियाणा के फरीदाबाद में अल फलाह विश्वविद्यालय में रहने के लिए ले जाया गया। लाल किला के पास 10 नवंबर 2025 को कार में ब्लास्ट हुआ था। ये कार आमिर रशीद अली के नाम पर थी।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here