स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी मे दो अस्पताल सील, कई की ओटी पर कार्रवाई

0
7

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो अस्पतालों को पूरी तरह सील कर दिया गया, जबकि कई अन्य अस्पतालों की ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सील करते हुए नोटिस जारी किए गए। इसके साथ ही कुछ अस्पताल संचालक टीम के पहुंचने से पहले ही ताला लगाकर मौके से फरार हो गए।

जांच के दौरान स्टार थ्री हॉस्पिटल और कानपुर हेल्थ हॉस्पिटल बिना पंजीकरण संचालित होते पाए गए। दोनों अस्पतालों को तत्काल प्रभाव से सील करते हुए संचालकों को तीन दिन के भीतर अस्पताल खाली करने के निर्देश दिए गए।

टीम की कार्रवाई की भनक लगते ही बारासिरोही स्थित गांधी हॉस्पिटल, मान्या हॉस्पिटल और संवारिया हॉस्पिटल के संचालक ताला लगाकर मौके से भाग निकले। इन सभी की सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण में मानकों की अनदेखी और ड्यूटी डॉक्टर की अनुपस्थिति मिलने पर रोहित राज हॉस्पिटल की ओटी सीज कर दी गई। एचआर हॉस्पिटल को अनियमितताओं के चलते नोटिस दिया गया, जबकि न्यू अभिनव हॉस्पिटल में बिना पंजीकरण संचालन पाए जाने पर उसकी ओटी भी सीज की गई।

वहीं, ओसियम हॉस्पिटल, मां सरस्वती हॉस्पिटल और साक्षी हॉस्पिटल में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि साफ-सफाई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

Advertisement

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रमित रस्तोगी ने बताया कि बिना पंजीकरण चल रहे अस्पतालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो अस्पताल नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही जो संचालक मौके से फरार हुए हैं, उनके खिलाफ थाना स्तर पर कार्रवाई कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के तहत अब तक कई अस्पतालों को सील और अनेक को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here